साइबर टीम ने यूपीआई फ्रॉड के 48 हजार रुपये वापस कराए, अनजान लिंक से बचने की सलाह

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पवई की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई फ्रॉड के शिकार एक व्यक्ति के खाते में 48 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने आजमगढ़ पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के खुरचंदा गांव निवासी रामचन्द्र यादव के यूनियन बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगों ने 48 हजार रुपये निकाल लिए थे। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33105260119888 के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष पवई के निर्देशन में साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम का पता लगाया और संबंधित खाते को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद कोर्ट ऑर्डर के माध्यम से आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर 21 अगस्त को ठगी गई पूरी 48 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
अनजान लिंक और यूपीआई रिक्वेस्ट से रहें सावधान
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लिंक, कॉल, मैसेज अथवा यूपीआई रिक्वेस्ट पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर अपराध की वेबसाइट पर शिकायत करें, ताकि समय रहते धनराशि को फ्रीज कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।
साइबर टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष पाल (थानाध्यक्ष पवई), कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल गौतम मध्येशिया शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *