नवागत एसडीएम ने संभाला बूढ़नपुर तहसील का कार्यभार, राजस्व वादों और जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता

Uncategorized

अतरौलिया आशीष कुमार निषाद।
बूढ़नपुर तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2024 बैच के एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह इससे पहले निजामाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। मूल रूप से फतेहपुर जिले के रहने वाले चंद्र प्रकाश सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली।
नवागत एसडीएम ने कहा कि राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही तहसील क्षेत्र से आने वाली जन शिकायतों का भी प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों और राजस्व मामलों में दोनों पक्षों की बातों को निष्पक्ष रूप से सुना जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जाएगी और दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को तहसील स्तर पर ही न्याय मिले और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *