
आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बेलागर गांव निवासी रेखा पत्नी राममिलन ने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र अविनाश 27 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे अपने ननिहाल मित्तूपुर जा रहा था। इसी दौरान चंडेश्वर के पास पुरानी रंजिश को लेकर हरिश्चंद्र पुत्र कैलाश, चंदन पुत्र कैलाश तथा 3-4 अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि सभी लोगों ने पंच (डंडे) और लाठी लेकर अविनाश की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को बचाया।
पीड़िता का आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक की हालत बिगड़ गई और वह मौके पर बेहोश हो गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
