बेसो नदी में डूबे छात्र का 17 घंटे बाद मिला शवचिरकिहिट में नहाते समय गहरे पानी में समाया था 12 वर्षीय अंश, शव मिलते ही मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव के पास बेसो नदी में नहाते समय डूबे 12 वर्षीय छात्र अंश का शव करीब 17 घंटे बाद गुरुवार तड़के बरामद हुआ। पुल से कुछ दूरी पर नदी में शव उतराता मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

चिरकिहिट गांव निवासी अजय कुमार का 12 वर्षीय पुत्र अंश बुधवार को गांव के पास कटवा पुल के समीप बेसो नदी में कुछ बच्चों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान अंश अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। उसके साथ नहा रहे बच्चों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की टीम ने नदी में छात्र की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन अंश का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण बुधवार देर शाम तलाशी अभियान रोकना पड़ा।

गुरुवार तड़के पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा नदी में तलाश शुरू की। करीब 17 घंटे की तलाश के बाद पुल से कुछ दूरी पर अंश का शव नदी में उतराता मिला। शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद लोगों में मातम छा गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तक मृतक के घर पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। अंश की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *