आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव में बीती रात गांजा पीने के विवाद को लेकर 48 वर्षीय स्थानीय निवासी ओम प्रकाश को आरोपी ने सीने में गोली मार दी थी। आरोपी श्याम सुंदर बनवासी भी स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। घायल ओम प्रकाश को मेहनाजपुर स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया था। उसके बाद रेफर होने पर गंभीर हालत में उसको वाराणसी में भर्ती कराया गया है। वहीं स्थानीय पुलिस सूचना के बाद से ही आरोपी श्याम सुंदर बनवासी की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान चला रही थी। इसी क्रम में बुधवार को तड़के सूचना मिली कि श्याम सुंदर बनवासी मानिकपुर मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस सूचना के आधार पर मौके पर पहुंच गई। जहां पर पुलिस ने घेरा बंदी कर श्याम सुंदर बनवासी को आत्मसमर्पण करने को कहा। लेकिन श्याम सुंदर बनवासी मौके से पुलिस पर फायर कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने भी घर पकड़ के लिए जोर लगा दिया। बदमाश की फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिससे वह गिर गया। पुलिस घायल को मेहनाजपुर स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया।