
/आजमगढ़। मेंहनगर में सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर लखरॉव पोखरा स्थित श्री महादेव घाट मंदिर से बाबा महादेव की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। श्री महादेव सेवा समिति लखरॉव पोखरा के नेतृत्व और भारत माता चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पालकी यात्रा के दौरान पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
बाबा महादेव की आकर्षक झांकी और मनमोहक स्वरूप के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पालकी जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, घरों से महिलाएं और अन्य श्रद्धालु बाहर निकलकर बाबा के दर्शन करने पहुंचे। कई स्थानों पर महिलाओं ने पालकी का विधिवत पूजन कर आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए। घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और शिवभक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
पालकी यात्रा लखरॉव पोखरा से प्रारंभ होकर बड़ी मील, शीतला माता मंदिर, सोरहे बाबा मंदिर, लाहौरी माता मंदिर, निरंजन कुटी-खाकी बाबा मंदिर, काली माता मंदिर, जयनगर चौराहा, कुकुहा पोखरा, शमशानवासी महादेव मंदिर, प्रभा पोखरा स्थित पातालपुरी महादेव मंदिर, मोढ़ और गोला बाजार होते हुए पुनः लखरॉव पोखरा स्थित श्री महादेव घाट मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया और बाबा महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
भाजपा नेता महेन्द्र मौर्य ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार को आयोजित बाबा महादेव की पालकी यात्रा क्षेत्र की आस्था, धार्मिक परंपरा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। भगवान शिव की भक्ति लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देती है। उन्होंने बाबा महादेव से सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की।
शोभायात्रा के श्री महादेव घाट मंदिर पहुंचने पर बाबा महादेव का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से आरती एवं पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को लेकर पूरे दिन क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजन की सफलता पर महादेव सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता के चलते लखरॉव पोखरा और आसपास का क्षेत्र देर तक ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर आर्यकमल आर्य, जगदीश मौर्य, राजू मद्धेशिया, सोनू माली, दिनेश मौर्य, संतोष मोदनवाल ‘गुड्डू भैया’, अवनीश बरनवाल, पीयूष संदेश, शेरू मद्धेशिया, शशिकांत सेठ, सुधीर राय, पंकज गुप्ता, जैकी जायसवाल, राकेश मौर्य, सुमित जायसवाल, किशन जायसवाल, उद्देश्य जायसवाल, विजेंद्र कुमार मौर्य, सुरेश मौर्य, विकास जायसवाल, दुर्गेश जायसवाल, गब्बर सेठ, देवेंद्र गोंड, अनुराग, प्रियांशु मौर्य, पंकज गोंड, धनंजय, सतीश ताम्रकार, पप्पू सैनी, जयप्रकाश सैनी, आशीष सैनी, सोनू बागी, जियावन जायसवाल आदि मौजूद रहे।
