किशोरी का मिला शव, प्रेम-प्रसंग में हत्या का आरोप, गले पर कटे निशान से गहराया रहस्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहापुर गांव में शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी का शव मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में एक मकान के पीछे मिला। उसके गले पर कटे के निशान मिलने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। परिजनों ने प्रेम-प्रसंग के चलते किशोरी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
खानजहापुर गांव निवासी विनोद की 17 वर्षीय पुत्री खुशी कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार खुशी करीब एक माह से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे किसी का फोन आने के बाद वह ननिहाल से बाहर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक खुशी के घर नहीं पहुंचने पर ननिहाल के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की, लेकिन रातभर तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में वशिष्ठ के घर के पीछे किशोरी का शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी।
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी के गले पर कटे के निशान पाए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस भी घटना को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
परिजनों ने प्रेम-प्रसंग को लेकर खुशी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि हत्या की वजह और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस किशोरी के मोबाइल फोन, उसके गुरुवार शाम घर से निकलने की परिस्थितियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फूलपुर के अपराध निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खुशी दो छोटे भाइयों में सबसे बड़ी थी। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं किशोरी की मौत को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *