
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, विवेचनाओं को लंबित रखने और उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जिले के दो थानाध्यक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने अहरौला और अतरौलिया थानों के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
निलंबित किए गए पुलिस अधिकारियों में अहरौला थाने के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक मंतोष सिंह और अतरौलिया थाने के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे शामिल हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार दोनों उपनिरीक्षकों पर अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप पाए गए हैं। थाना प्रभारी के रूप में तैनाती के दौरान उनके स्तर से कई विवेचनाओं को लंबित रखा गया तथा निर्धारित समयावधि में उनके निस्तारण में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई। वहीं पुलिस लाइन में तैनात SI अश्वनी कुमार दुबे को थाना अध्यक्ष अतरौलिया बनाया गया है। शहर के ब्रह्मस्थान चौकी प्रभारी एसआई राम किशोर शर्मा को थाना अध्यक्ष अहरौला बनाया गया है। एसआई अतुल कुमार मिश्रा को थानाध्यक्ष जहानागंज से थानाध्यक्ष बिलरियागंज और एसआई अमित कुमार मिश्रा को थानाध्यक्ष बिलरियागंज से थानाध्यक्ष जहानागंज बनाया गया। शहर के एलवल चौकी प्रभारी के पद से कुछ दिन पहले लाइन भेजी गईं एसआई प्रियंका तिवारी को ब्रह्मस्थान चौकी का प्रभारी अब बनाया गया है। एसआई मोहम्मद सत्तार को लाइन से मुबारकपुर थाना भेजा गया।
दो थानाध्यक्षों पर कार्रवाई उच्चाधिकारियों की ओर से दिए गए आदेशों और निर्देशों के अनुपालन में भी लापरवाही तथा अनुशासनहीनता सामने आने पर एसएसपी ने यह कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही अथवा स्वेच्छाचारिता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोनों निलंबित थानाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही प्रचलित है। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिसकर्मियों में भी संदेश गया है कि लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सचेत किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
