अंबेडकरनगर की युवती आजमगढ़ के मेंहनगर कस्बा में देर रात लावारिस घूमती मिली, पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंपा, बीएससी की थी छात्रा, साथी छात्रा के कहने पर इस्लाम धर्म के प्रभाव में खोज रही थी मस्जिद

Uncategorized

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के मुख्य कस्बे में एक 26 वर्षीय युवती के देर रात मस्जिद में इबादत के लिए जगह तलाशने पहुंचने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी युवती को स्कूटी पर बैठाकर ले जाती दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि युवती के धर्म परिवर्तन की बात की पुलिस स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि युवती मूल रूप से अंबेडकर नगर जनपद की रहने वाली है। बुधवार को वह घर से निकलकर देर शाम मेंहनगर कस्बे में पहुंच गई। रात करीब 11 बजे वह एक मस्जिद में इबादत के लिए जगह तलाश रही थी। जानकारी होने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस युवती को थाने ले गई, जहां उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया।
गुरुवार सुबह युवती के पिता को घटना की जानकारी दी गई। पिता मेंहनगर थाने पहुंचे और अपनी बेटी को अपने साथ अंबेडकर नगर स्थित घर ले गए। बताया जा रहा है कि पिता ने पुलिस से किसी प्रकार की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया।
विश्व हिंदू परिषद के सदस्य जैकी जायसवाल और भाजपा के पूर्व जिला मंत्री महेंद्र मौर्य के मुताबिक, युवती ने आजमगढ़ मुख्यालय के एक कॉलेज से बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान उसकी गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावां गांव की एक युवती से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान वह धार्मिक बातों से प्रभावित हुई और उसने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया। हालांकि इस दावे की पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चर्चा के अनुसार, करीब तीन-चार दिन पहले ही वे युवती को मंगरावां गांव से अपने घर लेकर आए थे। इसके बाद वह दोबारा घर से निकल गई और घूमते-भटकते मेंहनगर कस्बे पहुंच गई। यहां वह मस्जिद में इबादत के लिए जगह उपलब्ध कराने की बात कह रही थी।
घटना से संबंधित बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। वीडियो में युवती के साथ महिला पुलिसकर्मी दिखाई दे रही है। पुलिस द्वारा युवती को थाने ले जाने की बात भी सामने आई है।
सीओ लालगंज भूपेश पांडे ने बताया कि युवती को बरामद कर उसके परिवार वालों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *