
आजमगढ़। आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भगत सिंह केवल महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी विचारक और जागरूक युवा थे। उन्होंने देश की आजादी के साथ ऐसे समाज का सपना देखा था, जिसमें समानता, न्याय और इंसान की गरिमा सर्वोपरि हो। आज के युवाओं को भगत सिंह के विचारों और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
तनवीर रिजवी ने कहा कि भगत सिंह ने अपने विचारों और साहस के बल पर देश की युवा पीढ़ी में नई चेतना पैदा की। उनका जीवन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और देशहित में निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
जिला महासचिव रमेश मौर्य ने कहा कि भगत सिंह का जीवन त्याग, साहस और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके विचारों को केवल याद करने के बजाय उन्हें अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में अमरनाथ यादव, राम प्रसाद यादव, महेंद्र यादव, संजय यादव, सोनू यादव, तफसीर आलम, अन्नू राय, उमेश यादव, रमेश मौर्य और तनवीर रिजवी समेत पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने भगत सिंह के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
