
आजमगढ़ के गंभीरवन स्थित नए आरटीओ कार्यालय परिसर में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पौधारोपण के बाद डॉ. ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर “एक पेड़ – मां के नाम” अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। यह अभियान प्रकृति और मां पृथ्वी की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत आजमगढ़ जनपद में 65 लाख पौधे लगाए जाएंगे। जिले के 13 हजार स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गंभीरवन स्थित नए आरटीओ कार्यालय परिसर में भी पौधारोपण किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। लगाए गए पौधों की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि वे सुरक्षित रहें और वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को पूरा कर सकें। उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
