
आजमगढ़। गांधी जयंती के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय सठियांव प्रथम और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के बच्चों ने गुरुवार को आकर्षक झांकी और प्रभात फेरी निकाली। विभिन्न महापुरुषों और देशभक्ति से जुड़े किरदारों के रूप में सजे बच्चों को देखने के लिए सठियांव चौराहे पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग अपने मोबाइल फोन में बच्चों की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
प्रभात फेरी में मोनू गांधी जी के रूप में, रियांस लाल बहादुर शास्त्री के रूप में, शिवम जवान के रूप में, रितेश कंधे पर हल लेकर किसान के रूप में तथा सना परवीन सैनिक के रूप में सजी थीं। इसके अलावा इको क्लब के बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय परिसर से शुरू हुई झांकी रेलवे स्टेशन सठियांव, सुराई, जोगी बस्ती और करैली रोड होते हुए सठियांव चौराहे पर पहुंची। यहां लोगों ने बच्चों की झांकी को उत्सुकता के साथ देखा। इसके बाद बच्चे नट बस्ती होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचे। पूरे रास्ते बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुति ने लोगों को प्रभावित किया। झांकी के दौरान प्रधानाध्यापक संतोष यादव, वार्डेन अर्चना पांडेय, श्वेता श्रीवास्तव, अंजुबाला सिंह, किरन यादव, प्रगति श्रीवास्तव, सुनीता तिवारी, सुनीता सिंह, चांदनी, प्रमिला, प्रेमशीला सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी बच्चों की देखरेख में मौजूद रहे।
