
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी के आवासीय मकान से पूर्व में 14 बोरियों में रखे करीब 323 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए थे। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को उपनिरीक्षक प्रदीप बाजपेयी ने पुलिस टीम के साथ मुबारकपुर कस्बे के पुरारानी गांव स्थित एक आवासीय मकान पर छापेमारी की थी। मकान में किराये पर रह रहा गुलाब गुप्ता बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार हो गया था। तलाशी में विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरी 14 बोरियां बरामद हुई थीं, जिनका कुल वजन करीब 323 किलोग्राम था।
इस मामले में पुलिस ने मुबारकपुर थाने में विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को शाम 5:20 बजे वांछित आरोपी गुलाब गुप्ता (35) पुत्र स्व. कन्हैयालाल गुप्ता निवासी पुरारानी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना जारी है। अवैध पटाखों की आपूर्ति के स्रोत और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा और कस्बा चौकी प्रभारी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
