
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक आर्यन यादव को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घटना अहरौला थाने से करीब 500 मीटर दूर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने युवक पर दो गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली उसके हाथ और दूसरी पैर में लगी। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फूलपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडे ने बताया कि घायल युवक पर कुछ दिन पहले भी चार-पांच लोगों ने चाकू से हमला किया था। हालांकि आर्यन ने उस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। अब दोबारा उस पर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीओ ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
