
अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले को लेकर निषाद समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सोमवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के सेल्हरापट्टी गांव में जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद के नेतृत्व में निषाद समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक में हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद ने कहा कि विनोद कुमार साहनी सामाजिक रूप से सक्रिय और कर्मठ व्यक्ति थे। वह समाज के लोगों के सुख-दुख में हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मृतक के बेटे को सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस देने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर अवैध संपत्तियों को चिह्नित किया जाए और नियमों के तहत उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाए। बैठक में वक्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए। शीतला प्रसाद निषाद ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने आरोपियों के थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की बात पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
वक्ताओं ने निषाद समाज से जुड़े कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की भूमिका को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि न्याय की मांग को लेकर मंत्री को धरने पर बैठना पड़ रहा है, इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। वक्ताओं ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई को लेकर कथित दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो आगामी विधानसभा चुनाव में समाज अपनी नाराजगी जाहिर करेगा।
महिलाओं ने भी उठाई सुरक्षा की आवाज
बैठक में मौजूद महिलाओं निशा और परमशीला समेत अन्य महिलाओं ने भी हत्याकांड पर दुख जताते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कारोबारी की हत्या की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। महिलाओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ ही मृतक के बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर विनोद कुमार साहनी हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
