युवक को अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, फायरिंग कर फरार, थाना से महज 500 मीटर दूर वारदात, हाथ और पैर में लगी गोली; पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मार दी। वारदात अहरौला थाने से करीब 500 मीटर दूर असिलाई रोड पर हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पकड़ी गांव निवासी 18 वर्षीय आर्यन यादव पुत्र मनोज यादव शनिवार को असिलाई रोड से कहीं जा रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा करते हुए ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने युवक को धमकाने के बाद उस पर दो गोलियां चला दीं। एक गोली आर्यन के बाएं हाथ में, जबकि दूसरी पैर में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *