शराब की दुकान के बाहर चखना के 25 रुपये के लेनदेन पर विवाद में पीट पीट कर हुई थी युवक की हत्या; वांछित आरोपी गिरफ्तार, अन्य लोग भी थे घटना में शामिल

Uncategorized

आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के बलरामपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर 25 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शेखपुरा निवासी करीब 50 वर्षीय विजय चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सोमवार सुबह रोडवेज के पास से हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर को बलरामपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर चखना, सिगरेट, पानी और गिलास के 25 रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान विजय चौहान और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की। बीच-बचाव के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

मारपीट में दूसरे पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मंडलीय चिकित्सालय आजमगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 524/2026 के तहत धारा 105, 115(2), 352 और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक सोमवार को उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति ने पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त विजय चौहान पुत्र स्व. छविराज चौहान निवासी शेखपुरा, थाना कोतवाली को रोडवेज के पास से सुबह करीब 10:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति के साथ कांस्टेबल सुमित कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *