50 हजार का इनामिया गैंगस्टर गिरफ्तार, चोरी से लेकर पुलिस पर फायरिंग तक के 20 मुकदमे दर्ज, पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, लंबे समय से चल रहा था फरार

Uncategorized

आजमगढ़। देवगांव थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गोवध, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित और 50 हजार रुपये का इनाम घोषित अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू पुत्र कयूम निवासी बक्सपुर, थाना बरदह, अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दादा चौक/ग्राम चौकी मोड़ से करीब 150 मीटर दूर उसे सुबह करीब 11:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।

दुकान से CCTV और जेवरात चोरी का आरोप

पुलिस के अनुसार फैजान अपने साथियों के साथ कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। 9/10 जनवरी 2024 की रात कंजहिता बाजार स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और जेवरात चोरी किए जाने के मामले में उसके खिलाफ देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।

इसी दौरान 9 जनवरी 2024 को आरोपियों ने बोलेरो वाहन संख्या UP62 AV3931 चोरी करने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सके। इस मामले में भी देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर की थी फायरिंग

पुलिस का कहना है कि 21 जनवरी 2024 को आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में देवगांव थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पहले 25 हजार, बाद में बढ़ाकर 50 हजार हुआ इनाम

पुलिस के अनुसार फैजान उर्फ गुल्लू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 8 सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार फरार रहने के कारण डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 16 सितंबर 2026 को इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के देवगांव, बरदह, फूलपुर, सिधारी, रानी की सराय, मेहनगर, सरायमीर तथा जौनपुर के केराकत और खेतासराय थानों में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, गोवध, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त फैजान उर्फ गुल्लू के विरुद्ध पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, कांस्टेबल तेजस शुक्ला तथा सर्विलांस सेल/स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *