
आजमगढ़: गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रत्याशी अजय सिंह ने 5 अक्टूबर को मंडलायुक्त नामांकन पत्र दाखिल किया था। जिसके स्वीकृत होने के बाद अपने गृहजनपद आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक महासभा (फुपुक्ता) और मदरसा टीचर्स एसोसिएशन ने समर्थन देने की घोषणा की। उनके नामांकन कार्यक्रम में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 27 जिलों से जिलाध्यक्ष, प्रबंधक और बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे थे। प्रत्याशी अजय सिंह ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को दलीय राजनीति से अलग रखते हुए शिक्षक और कर्मचारी हितों की आवाज को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के माध्यम से ऐसा प्रतिनिधि चुना जाना चाहिए, जो शिक्षकों और विद्यालयों की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाने के साथ ही जरूरत पड़ने पर सड़क पर भी संघर्ष करे।
अजय सिंह ने वित्तविहीन शिक्षकों को सरकारी कोषागार से मानदेय, सेवा सुरक्षा और समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाने के लिए संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने संस्कृत विद्यालयों और मदरसों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सड़क से सदन तक आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
पूर्व विधान परिषद सदस्य संजय मिश्र ने शिक्षकों से अजय सिंह के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े सेवा सुरक्षा, मानदेय और पुरानी पेंशन जैसे मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने के लिए शिक्षकों की एकजुटता जरूरी है। वर्तमान MLC ध्रुव कुमार त्रिपाठी पर निशाना साधा। कहा कि बड़े शिक्षक नेता स्व पंचानन राय के देहांत के बाद उनके संगठन का नाम लेकर सहानुभूति पाकर जीते। इसके बाद लाल बिहारी यादव के सामने उनके नाम राशि के प्रत्याशी को लड़ा कर 100 वोट से जीते। 2020 में भी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जीत गए। एक बार फिर सरकार के संरक्षित विद्यालय में कार्यालय बनाए हैं। सरकार शिक्षकों की आवाज को कुंद करने के लिए ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाई है।
कार्यक्रम को रणविजय चंद, प्रबंधक, राणा सत्य प्रकाश सिंह, प्राचार्य, अनिरुद्ध पांडेय, राजकिशोर यादव, तारकेश्वर शाही, मनोज राय और राणा रत्नेश्वर सिंह सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।
