अतरौलिया में गैस एजेंसी की जांच, रिश्वत का लगा था आरोप, हुआ था हंगामा, शिकायत पर पहुंची पूर्ति विभाग की टीम, उपभोक्ता संग शालीन व्यवहार करने की दी चेतावनी

Uncategorized

आजमगढ़: आशीष कुमार निषाद अतरौलिया: अतरौलिया क्षेत्र स्थित कीर्तिमान इंडेन गैस सर्विस, लोहरा पर केवाईसी के नाम पर ₹500 वसूले जाने की ऑनलाइन शिकायत के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। यह शिकायत पंकज कुमार (निवासी– अल्लाउद्दीनपुर, अम्बेडकर नगर) द्वारा की गई थी।
जांच के लिए प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गैस एजेंसी पहुंची। उनके साथ पूर्ति निरीक्षक बुढ़नपुर के.के. मिश्रा तथा इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर राहुल प्रजापति भी मौजूद रहे।
जांच के दौरान अधिकारियों ने कंचन (नरियाव), महेंद्र (नंदना), शशिकला (लोहरा), धर्मेंद्र पांडे (चकबेलवा), प्रेमशिला (संत कबीर नगर) सहित कई उपभोक्ताओं से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। सभी उपभोक्ताओं ने एक स्वर में केवाईसी के नाम पर किसी प्रकार की धनराशि मांगे जाने के आरोप को गलत बताया।
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शिकायत की जांच के क्रम में शिकायतकर्ता से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शिकायतकर्ता के पिता के नाम से इस एजेंसी पर गैस कनेक्शन है, जिस पर 8 अगस्त 2024 को अंतिम बार गैस डिलीवरी हुई थी और उसी समय केवाईसी भी पूर्ण कर ली गई थी। इसके बाद से कोई रिफिल नहीं कराई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवाईसी के नाम पर धन की मांग का आरोप पूरी तरह निराधार पाया गया है। जांच में एजेंसी के खिलाफ कोई अनियमितता नहीं मिली।
हालांकि, अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं से शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, डीएसी कोड मिलने के बाद ही गैस रिफिल की जाए और अधिक से अधिक होम डिलीवरी की व्यवस्था की जाए, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
इस दौरान कीर्ति प्रकाश मिश्रा, मुन्नीलाल गुप्ता, प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *