
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बेगपुर गांव के पास मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में साइकिल सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मौना गांव निवासी रामदरश शर्मा (50) मंगलवार सुबह गांव की एक महिला के साथ साइकिल से निकले थे। दोपहर बाद दोनों निजामाबाद थाना क्षेत्र के बेगपुर गांव के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामदरश को अचानक उल्टी हुई, जिसके बाद वह सड़क किनारे गिर पड़े।स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।मृतक अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
