
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के ईरनी गांव में जमीन के विवाद को लेकर फसल काटने और खेत पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अशोक यादव पुत्र स्व. रामसमुझ यादव ने गांव के ही दो लोगों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तीन बीघा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने और कंबाइन मशीन से खेत में खड़ी फसल काट ले जाने का आरोप लगाया है।
अशोक यादव के अनुसार, उन्होंने गांव के ही सच्चिदानंद यादव और श्रद्धानंद यादव को बटाई पर खेती करने के लिए अपना खेत दिया था। आरोप है कि अब दोनों लोग कथित फर्जी कागजात के आधार पर जमीन पर अपना अधिकार जता रहे हैं। इसी विवाद के बीच बीती रात कंबाइन मशीन लेकर खेत पहुंचे और उसमें लगी खड़ी फसल काटकर उठा ले गए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने बगल के खेत में लगी बजड़ा और उड़द की फसल को नुकसान पहुंचाया तथा वहां अपनी सरसों की फसल बो दी।
अशोक यादव ने बताया कि उनके पिता रामसमुझ यादव की वर्ष 2024 में मृत्यु हो चुकी है। अब आरोपी पक्ष का दावा है कि वर्ष 2009 में जमीन खरीदने के लिए 16 लाख रुपये दिए गए थे, जबकि पीड़ित के मुताबिक इस तरह का कोई लेनदेन नहीं हुआ था। उनका कहना है कि परिवार में जमीन या अन्य किसी प्रकार के लेनदेन का काम वह स्वयं देखते थे और उनके पिता इस तरह के मामलों में शामिल नहीं रहते थे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पक्ष एक पुराने स्टांप पेपर का हवाला दे रहा है, जिस पर कोई नंबर भी अंकित नहीं है। उसी पर कथित लेनदेन का उल्लेख कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। अशोक यादव के मुताबिक, जमीन को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और उस पर स्थगन आदेश (स्टे) भी है। इसके बावजूद विवादित जमीन पर कब्जे और फसल काटने की कार्रवाई की गई। उनका दावा है कि खतौनी में भी अभी उनका ही नाम दर्ज है।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को देने की बात कही है। हालांकि, उनका आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर जमीन और फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
