
आजमगढ़। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) के माध्यम से विद्यालयों तक उपलब्ध करा दी गई थीं। इस बीच शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में भी लगा दी गई है। ऐसे में विद्यालयों में परीक्षा संचालन और जनगणना संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर पहले से ही आपाधापी का माहौल बना हुआ है। इसी बीच जनपद के 13 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के अंतर्जनपदीय तबादले से शिक्षा विभाग में एक और उथल-पुथल मच गई।
सोमवार शाम तबादले की सूची जारी होने के बाद देर रात तक अधिकारियों को कार्यमुक्त भी कर दिया गया। मंगलवार को विभिन्न ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर स्थानांतरित बीईओ के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किए गए। एक तरफ विद्यालयों में परीक्षाएं शुरू हो रही थीं और शिक्षक जनगणना कार्य में जुटे थे, वहीं दूसरी तरफ अधिकारियों के स्थानांतरण और कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया चलती रही।
इसी क्रम में पल्हनी ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा का स्थानांतरण मऊ जनपद होने पर बीआरसी पल्हनी के सभागार में शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान शिक्षकों ने माल्यार्पण कर उनके कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि दिनेश कुमार वर्मा ने करीब चार वर्षों तक पल्हनी में तैनात रहते हुए परिषदीय विद्यालयों के शैक्षिक उन्नयन और शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किया।
शिक्षकों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए भावनात्मक जुड़ाव की बात कही। स्थानांतरण से शिक्षकों में जहां विदाई की उदासी रही, वहीं सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी में सफलता की कामना की।
इसी तरह जनपद के अन्य ब्लॉकों में भी संबंधित बीआरसी पर स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किए गए।
