चकमार्ग पर दबंगों के कब्जे से 85 परिवारों का रास्ता बंद, कार्रवाई न होने पर ग्रामीण पहुंचे डीएम कार्यालय

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी बुजुर्ग गांव में चकमार्ग पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीण गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कब्जा हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के करीब 80 से 85 परिवारों के आने-जाने के लिए बने चकमार्ग पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इसके चलते ग्रामीणों को मजबूरी में जर्जर कच्चे रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर आरोपी पक्ष धमकी देता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत कई बार तहसील प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने लेखपाल विनोद शर्मा और कानूनगो रामजी यादव पर भी विपक्षी पक्ष का साथ देने और शिकायत करने पर धमकाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *