पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, चार गिरफ्तार, दो गाय और एक बछड़ा सकुशल बरामद, अवैध कटान में प्रयुक्त अर्टिगा कार, बाइक और उपकरण जब्त

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जोलहापुर गांव के पास शुक्रवार की भोर में प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और अवैध कटान करने वाले आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने घायल समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो प्रतिबंधित पशु और एक बछड़ा सकुशल बरामद किया गया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जीयनपुर पुलिस शुक्रवार की सुबह करीब 4:20 बजे क्षेत्र में रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जोलहापुर के पास कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं को चोरी से पकड़कर उनका वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग से सालिम (24) पुत्र इसरार निवासी अशरफपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे और उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार अन्य आरोपियों में नौशाद (53) पुत्र खुर्शीद निवासी चांदपार, सोहराब (22) पुत्र ईसराइल और अदनान (18) पुत्र खालिद निवासी अशरफपुर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से दो गाय और एक बछड़े को जीवित बरामद किया। इसके अलावा एक अर्टिगा कार, एक सुपर स्प्लेंडर बाइक, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। पशुओं के अवैध कटान में इस्तेमाल होने वाले चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिन्हित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करते थे। इसके बाद मांस की बिक्री और उपभोग किया जाता था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदलते थे और पशुओं के अवशेष नदी-नालों या सिवान में फेंक देते थे अथवा जमीन में गाड़ देते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नौशाद के विरुद्ध पूर्व में भी जीयनपुर और गंभीरपुर थानों में चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य भी संकलित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *