
आजमगढ़। करीब 18 साल पुराने अपहरण कर हत्या करने के मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय ने प्रत्येक दोषी पर एक लाख 75 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माने की 75 प्रतिशत राशि मृतक के पुत्र को देने का आदेश दिया गया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी प्रेमनारायण तिवारी ने 5 अगस्त 2008 को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि 4 अगस्त 2008 की शाम करीब पांच बजे उनके 70 वर्षीय पिता राममूरत तिवारी तहबरपुर बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में शम्भूपुर के पास रजनीकांत उर्फ पिंटू यादव, रामविनय उर्फ विनोद मौर्य, फूलबदन निवासी शेरपुर, थाना निजामाबाद तथा रामपलट यादव निवासी शिवरामपुर, थाना तहबरपुर ने असलहे के बल पर उनका अपहरण कर लिया। आरोपी उन्हें गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए थे।
अगले दिन राममूरत तिवारी का शव सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली पुल के पास तमसा नदी से बरामद हुआ था। मृतक के पुत्र ने पुलिस को बताया था कि रजनीकांत का आचरण ठीक नहीं था और उसके पिता उसकी हरकतों का विरोध करते थे। इसी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी फूलबदन की मृत्यु हो गई। अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता प्रियदर्शी पीयूष त्रिपाठी और सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता दीपक कुमार मिश्रा ने सात गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रजनीकांत उर्फ पिंटू यादव, रामविनय उर्फ विनोद मौर्य और रामपलट यादव को दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक पर एक लाख 75 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। जुर्माने की 75 प्रतिशत धनराशि मृतक के पुत्र को दिए जाने का आदेश भी दिया।
