
आजमगढ़। नौकरी और शादी का झांसा देकर युवतियों को मानव तस्करी के जाल में फंसाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और मंदिरों के आसपास घूमकर गरीब और परेशान युवतियों को अपने जाल में फंसाते थे। उन्हें नौकरी दिलाने और बेहतर जिंदगी का सपना दिखाकर अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद उनका शारीरिक शोषण करने के साथ जबरन देह व्यापार कराया जाता था। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान में मानव तस्करी की जो पूरी कहानी सामने आई, वह कई चरणों में अंजाम दी गई। सबसे पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल ने करीब दो महीने तक बातचीत कर पीड़िता को प्रेमजाल में फंसाया। शादी का झांसा देकर उसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया, लेकिन खुद वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पीड़िता की मुलाकात सीतारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां नामक व्यक्ति से हुई। इन लोगों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे गोरखपुर से बिहार के पूर्णिया पहुंचा दिया।
पूर्णिया में पीड़िता की मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से कराई गई। दोनों ने काम दिलाने के बहाने उसे सरिता नामक महिला के पास पहुंचाया। इसके बाद सरिता ने पीड़िता को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी मोहम्मद अली को करीब एक लाख रुपये में बेच दिया। मोहम्मद अली ने इसके बदले सरिता को एक लाख रुपये दिए। वहीं, पीड़िता को सरिता तक पहुंचाने वाले दलालों को आठ-आठ हजार रुपये कमीशन दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले चार अभियुक्तों शिवा मंडल, अभिषेक राज, सीतारा खातून और गफ्फार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तीन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। इस प्रकार अब तक कुल सात अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इस मामले में थाना अहरौला में 18 मार्च 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87, 143, 144, 111 तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गोआलपोखर थाने में भी मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई में अहरौला थाने की पुलिस टीम के साथ एसओजी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की ओर से अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने और तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25-25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
