
आजमगढ़। खेल के क्षेत्र में आजमगढ़ की दो महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जनपद का मान बढ़ाया है। पुलिस लाइन आजमगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं स्वाति निषाद और अंशु यादव का चयन पेंचक सिलाट ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स-2026 के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी-अपनी विश्वविद्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
21 नवंबर को डीएवी डिग्री कॉलेज आजमगढ़ में आयोजित पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इसमें शानदार प्रदर्शन के आधार पर स्वाति निषाद पुत्री प्रेमचंद निषाद का चयन अंडर-50 किलोग्राम भार वर्ग में, जबकि अंशु यादव पुत्री ओम प्रकाश यादव का चयन अंडर-60 किलोग्राम भार वर्ग में किया गया है।
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 2 से 6 जनवरी 2027 तक रयत बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर, पंजाब में होगा। दोनों खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उल्लेखनीय है कि दोनों महिला खिलाड़ियों को पुलिस लाइन आजमगढ़ में राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय रेफरी सुनील कुमार शिंदे के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित खेल पहल के तहत खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से पुलिस विभाग और जनपद के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जनपद और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षक सुनील कुमार शिंदे के प्रयासों की भी सराहना की।
