आजमगढ़ में मिलावटी पेट्रोल का आरोप: पेट्रोल भरवाने के बाद बाइक हुई बंद, इंजन सीज होने का दावा; पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा

Uncategorized

आजमगढ़। शहर के डीएवी पीजी कॉलेज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। एक युवक ने दावा किया कि पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद उसकी बाइक बंद हो गई और जांच में इंजन सीज होने की बात सामने आई। युवक का आरोप है कि बाइक की टंकी से निकाले गए पेट्रोल को बोतल में रखने पर उसमें पानी और पेट्रोल की अलग-अलग परतें दिखाई दीं।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलघाट निवासी दानिश ने बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे डीएवी पीजी कॉलेज के पास स्थित पेट्रोल पंप से अपनी अपाचे बाइक में पेट्रोल भरवाया था। उसका कहना है कि शाम करीब चार बजे अचानक बाइक रास्ते में बंद हो गई। काफी प्रयास के बाद भी बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो वह उसे मैकेनिक के पास ले गया।
दानिश के मुताबिक, मैकेनिक ने जांच के दौरान इंजन सीज होने की बात बताई। इसके बाद बाइक की टंकी से पेट्रोल निकालकर एक बोतल में रखा गया। युवक का दावा है कि कुछ देर बाद बोतल में नीचे पानी और ऊपर पेट्रोल की अलग-अलग परतें साफ दिखाई देने लगीं।
इससे नाराज दानिश पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गया और मिलावटी पेट्रोल बेचने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक उसकी पेट्रोल पंप कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक होती रही। युवक ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और बाइक को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की।
वहीं, पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मिलावट के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि पंप पर बेचे जाने वाले ईंधन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है और किसी प्रकार की मिलावट नहीं की जाती।
फिलहाल मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पेट्रोल के नमूने की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ईंधन में वास्तव में पानी या किसी अन्य पदार्थ की मिलावट थी या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *