महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, बच्चों ने प्रस्तुत किया लघु नाटक

Uncategorized

आजमगढ़। महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल, तिवारीपुर, मऊ रोड, सिधारी में गुरुवार को राष्ट्रीय संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के श्लोक के साथ हुआ। इस दौरान कक्षा पांचवीं के छात्र-छात्राओं ने संविधान पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं छात्राओं ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने प्रबंधक डीपी मौर्य को संविधान की पुस्तक भेंट की। इस पहल का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद भारत के सामने एक ऐसे लोकतांत्रिक ढांचे के निर्माण की चुनौती थी, जिसमें विभिन्न भाषाओं, धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के लोगों को समान अधिकार प्राप्त हों। संविधान सभा ने लंबी चर्चा, विचार-विमर्श और व्यापक अध्ययन के बाद भारतीय संविधान का निर्माण किया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी कारण उन्हें भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार कहा जाता है।
विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसी दिन भारत गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल आदर्श निहित हैं। ये आदर्श ऐसे भारत की परिकल्पना करते हैं, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस नई पीढ़ी, विशेषकर युवाओं के लिए अपने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। वर्तमान समय में संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें अपने व्यवहार में उतारना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी को राष्ट्रीय संविधान दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, किशन यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *