


आजमगढ़ में 12वीं बोर्ड एग्जाम से पहले फेयरवेल पार्टी के दौरान स्कूल छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिले के करीब तीन से चार प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र सन 25-26 की आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान नियमों को ताक पर रखकर स्टंट करते नजर आए।वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र तेज आवाज में हॉर्न बजाते हुए चलती गाड़ियों के बोनट पर खड़े हैं और कई छात्र कार की खिड़की से बाहर निकलकर रील और वीडियो बना रहे हैं। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। मामला संज्ञान में आने के बाद आजमगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्टंट करने वाले छात्रों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन से भी इस मामले में बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से अपील की है कि बच्चों को इस तरह के खतरनाक और गैरकानूनी स्टंट से दूर रखें, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
