


आज़मगढ़: 15 फरवरी 2026 को IDEA और Startup Purv के तत्वावधान में आयोजित सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन भी खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली। केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मऊकुतुबपुर, सगड़ी में आयोजित इस प्रतियोगिता में दिनभर रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुभाष यदुवंश (एमएलसी एवं प्रदेश महामंत्री, भारतीय जनता
पार्टी, उत्तर प्रदेश) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सहजानंद राय (क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपर क्षेत्र) एवं राम शकल पटेल (प्रसिद्ध समाजसेवी एवं बेस्ट लिविंग लीजेंड) की उपस्थिति रही। अतिथियों
ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास में भूमिका निभाते हैं। उन्होने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ भी दीं। दूसरे दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कड़े संघर्ष और उत्कृष्ट खेल कौशल के साथ इलाहाबाद पोस्टल तथा बीएनडब्ल्यू की टीमें अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुँचने में सफल रहीं। मैदान में खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा और उत्साह को और बढ़ा दिया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण नारों के माध्यम से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
आयोजकों ने बताया कि यह टूर्नामेंट लगातार सफलता की ओर अग्रसर है और युवाओं को अपनी प्रतिभा
दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। संस्था का उद्देश्य खेल, नवाचार और सकारात्मक सोच के
माध्यम से समाज में नई ऊर्जा का संचार करना है। इस अवसर पर टूर्नामेंट संयोजक डॉ. ऑकार राय ने कहा, “इस प्रकार के खेल आयोजनों से न केवल युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनमें टीम भावना, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की
भावना भी विकसित होती है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का मंच प्रदान किया जाए।” अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जिसमें इलाहाबाद पोस्टल और बीएनडब्ल्यू की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। आयोजक मंडल ने खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में पहुँचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएँ और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें।
