सिपाही पति और ससुरालजनों पर मारपीट कर घर से निकालने के साथ बच्चे को रख लेने पर कार्रवाई की पीड़ित महिला ने की मांग, सौंपा प्रार्थना पत्र

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बनहरा, चॉदपट्टी गांव निवासिनी सरोज यादव ने अपने सिपाही पति कृष्ण चन्द गुप्ता पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और 10 माह के बच्चे को जबरन छीनने का आरोप लगाया है। प्रार्थिनी ने SSP कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। बताई कि वर्ष 2023 में वह आजमगढ़ स्थित मॉ प्रभावती देवी महिला महाविद्यालय में परीक्षा देने जाती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मुबारकपुर थाने में तैनात सिपाही कृष्ण चन्द गुप्ता, निवासी गेंहमौनी, पोस्ट-सिल्लो, थाना-लालगंज, जनपद-बस्ती से हुई। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का आरोप है कि शादी का प्रस्ताव रखने पर 16 नवम्बर 2023 को नोटेरियल कोर्ट मैरिज की गई। इसके बाद 26 मई 2024 को मुबारकपुर स्थित ताज पैलेस में हिंदू रीति-रिवाज से विधिवत विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद वह ससुराल जनपद बस्ती गईं, जहां सास, ससुर, जेठ और जेठानी द्वारा जाति को लेकर ताने दिए गए और मानसिक उत्पीड़न किया गया। पीड़िता का कहना है कि पति उसे मुबारकपुर में किराए के मकान में लेकर रहने लगे। इसी दौरान वह गर्भवती हुईं। आरोप है कि पति ने गर्भपात का दबाव बनाया, मना करने पर मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी। महिला का दावा है कि पूर्व में थाने में शिकायत देने पर समझौता कराया गया, लेकिन कोई लिखित कार्रवाई नहीं हुई। बच्चे के जन्म के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। सास द्वारा बच्चे को पति का न बताते हुए विवाद खड़ा किया गया, जिसके बाद कथित रूप से पति ने मारपीट कर 10 माह के बच्चे को अपने पास रख लिया और महिला को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मांग की है कि बच्चे को तत्काल दिलाया जाए तथा पति व ससुराल पक्ष के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *