पत्नी से विच्छेद के बाद तनाव में था युवक, फंदे से लटककर दी जान, 35 वर्षीय युवक ने घर में की आत्महत्या, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Uncategorized

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में रविवार की रात 35 वर्षीय युवक ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दौलतपुर गांव निवासी रिंकू मौर्य (35) प्लंबर मिस्त्री का काम करता था। परिजनों के अनुसार रविवार की रात वह घर के पक्के मकान में था। इसी दौरान उसने पंखे के हुक में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसके पिता ओमप्रकाश मौर्य ने जब रिंकू को फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के मुताबिक रिंकू की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। करीब चार वर्ष पूर्व पत्नी से उसका विच्छेद हो गया था। पत्नी अपने साथ एक पुत्र को लेकर चली गई थी। इसके बाद से रिंकू तनाव में रहता था। परिजनों ने बताया कि वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का जीवन यापन करता था।
घटना की सूचना मिलने पर मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *