





आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तेपुर गांव में जमीनी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक रायफल और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च को ग्राम छित्तेपुर में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में उपनिरीक्षक धीरज कुमार की तहरीर पर थाना सरायमीर में दोनों पक्षों के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के बाद वांछित आरोपियों की तलाश में निकली पुलिस टीम ने छित्तेपुर गांव में दबिश दी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के नामजद आरोपी ओबैश खान पुत्र एहसान खान को उसके घर में दरवाजे के पीछे छिपे हुए हालत में पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर बखरा गांव के पीछे जंगल में छिपाकर रखी गई एक एसबीबीएल 12 बोर गन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से दो जिंदा कारतूस 12 बोर, एक खोखा कारतूस 12 बोर, दस जिंदा कारतूस .315 बोर, 45 खोखा कारतूस .315 बोर, 15 जिंदा कारतूस .22 बोर तथा दो खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
