
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोस के घर में मजदूरी कर रहे युवक पर बाथरूम के रोशनदान से उसकी फोटो और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि युवक की इस हरकत को उसने खुद देख लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, घटना नौ सितंबर की शाम करीब साढ़े तीन बजे की है। उसके घर के बगल में कुछ मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अपने घर के बाथरूम में स्नान कर रही थी। आरोप है कि मजदूरी कर रहा युवक सुनील यादव पुत्र चुन्नू यादव निवासी हीरापट्टी थाना कोतवाली बाथरूम के रोशनदान के पास पहुंच गया और वहां से मोबाइल फोन के जरिए उसकी फोटो और वीडियो बनाने लगा।
महिला की नजर जब युवक पर पड़ी तो उसने उसे देख लिया। आरोप है कि महिला के देख लेने के बाद युवक वहां से भाग गया और पास के दूसरे मकान में जाकर मजदूरी करने लगा। महिला ने जब उसकी इस हरकत का विरोध किया और पूछताछ की तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर मामले को सीसीटीएनएस में दर्ज कराया गया। पुलिस अब लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने वास्तव में महिला की फोटो या वीडियो बनाई थी या नहीं और यदि बनाई गई थी तो उसका कहीं इस्तेमाल अथवा प्रसारण किया गया है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
