एहसान खान को भेजा गया जेल, जमीनी रंजिश में फायरिंग के मामले में 31-A हिस्ट्रीशीटर को किया गया था गिरफ्तार, पूर्व में कांग्रेस और सपा से भी रहा था नाता, कुल 21 मुकदमा है दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम छित्तेपुर में जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित 31-A हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नन्दांव मोड़ से पकड़ लिया। उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को ग्राम छित्तेपुर में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस संबंध में उपनिरीक्षक धीरज कुमार की तहरीर पर थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 63/2026 धारा 3(5), 109(1) बीएनएस तथा 3/5/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत दोनों पक्षों के कई लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में 12 मार्च की रात करीब 10:05 बजे उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकले थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले का एक आरोपी नन्दांव मोड़ के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चाय की दुकान के पास खड़े व्यक्ति से पूछताछ की। उसने अपना नाम एहसान खान पुत्र स्व. मतिउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर बताया। पहचान की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना सरायमीर का 31-A हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति और महामारी अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 21 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव के साथ कांस्टेबल सौरभ पांडेय और कांस्टेबल शशिकांत तिवारी शामिल रहे। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *