






आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जान से मारने की नियत से चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम नेवादा रजानगर में 12 मार्च की रात करीब 9:30 बजे कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी चोटें आईं। आरोपियों ने घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
घटना के संबंध में 13 मार्च को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 97/2026 के तहत धारा 3(5), 333, 352, 109(1), 118(1), 115(2), 324(4) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव कर रहे हैं। विवेचना के दौरान धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस टीम ने 13 मार्च को वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पिचरी गेट के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलीम जावेद, अब्दुल अजीम और अब्दुल कादिर निवासी ग्राम नेवादा रजानगर थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर नेवादा पानी की टंकी के पास से घटना में प्रयुक्त तीन चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल त्रिलोकी नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील सिंह और कांस्टेबल राहुल गौड़ शामिल रहे।
