स्कॉर्पियो से गोवंशों की चोरी कर करते थे तस्करी, गोवंश वध की साजिश नाकाम, मौके पर पुलिस के धावे पर तीन आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उस समय दबोचा जब वे सड़कों और खेतों में घूम रहे गोवंश को पकड़ने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च की रात चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम असीलपुर के खेत-बगीचे में कुछ लोग स्कार्पियो वाहन से गोवंश उतारकर वध करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही दो लोग जो गोवंश उतार रहे थे और स्कार्पियो में बैठा एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मौके पर खड़ी स्कार्पियो वाहन संख्या UP20 AA 2710 की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय के बछड़े मिले, जिनके चारों पैर और मुंह रस्सी से कसकर बांधे गए थे। पुलिस ने रस्सी खोलकर गोवंश को मुक्त कराया और वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इस मामले में थाना निजामाबाद पर मु0अ0सं0 66/2026 धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान 12 मार्च की रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति निजामाबाद-फूलपुर मार्ग पर मोहनाठ हाइड्रिल के पास पुलिया के पास खड़े हैं और गोवंश पकड़ने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मासूम परवेज उर्फ पप्पू निवासी जगदीशपुर, मनोज कुमार सिंह निवासी खुरासो और जयचंद निवासी बनवीरपुर (थाना फूलपुर) बताया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ खेतों और सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़कर रस्सी से बांधते थे और स्कार्पियो वाहन में लादकर वध के लिए ले जाते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को करीब 22:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, चित्रांशु मिश्रा, दिलीप आनन्द, लच्छीराम राजभर तथा कांस्टेबल अवधेश सिंह, संजीव कुमार शर्मा और प्रशांत कुमार सरोज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *