मिट्टी गिराने पर बढ़ा बवाल, गले पर बांका से हमला करने वाला गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 20 नवंबर 2025 को दिवाकर यादव पुत्र सदरी निवासी भलुवना थाना कप्तानगंज ने अतरौलिया थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र विनोद कुमार ग्राम कंतालपुर में स्थित जमीन पर मिट्टी गिरवा रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने काम रुकवा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से लोहे के बांके से गले पर प्रहार कर दिया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार का इलाज लखनऊ के आईकान अस्पताल में कराया गया। मामले में जयराम यादव, उसकी पत्नी (नाम अज्ञात) निवासी कंतालपुर तथा राजेश कुमार मिश्र निवासी भेलाडाड के खिलाफ अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक मयंक नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी जयराम यादव (34) निवासी ग्राम कंतालपुर को कंतालपुर बाजार स्थित एक पान की गुमटी से करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त एक बांका (धारदार हथियार) भी बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मयंक नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल संत कुमार और कांस्टेबल उमेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *