






आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हादसे में कक्षा नौ के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दामोदरपुर अंडरपास के पास सड़क हादसा उस समय हुआ जब एक महिला अपने पति के साथ कार चलाना सीख रही थी और उसने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार मुबारकपुर कस्बा के शिवकुटी नूरपुर बुतात मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय शिवा पटवा पुत्र राजीव पटवा कक्षा नौ का छात्र था। वह शुक्रवार दोपहर अपने मोहल्ले के साथी 20 वर्षीय आदित्य मौर्य उर्फ शनि मौर्य के साथ बाइक से दामोदरपुर गांव गन्ने का जूस पीने गया था। जूस लेकर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से होते हुए जब दोनों दामोदरपुर गांव के पास बने अंडरपास के करीब पहुंचे, उसी दौरान एक महिला अपने पति के साथ कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद महिला का पति दोनों घायलों को उसी कार से शहर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने शिवा पटवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य मौर्य का इलाज चल रहा है। इसके बाद कार चालक दोनों घायलों को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शिवा पटवा पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर था।
