






आजमगढ़ के थाना जहानागंज क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 21 किलो 667 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है, साथ ही तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
घटना 12 अप्रैल 2026 की है, जब थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कादीपुर से चक्रपानपुर मार्ग पर तरछा पुलिया के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अंकित यादव (निवासी कोड़रा, थाना चितबड़ागांव, बलिया) और रजनीश यादव (निवासी रूदवापुर, थाना सिकंदरपुर, बलिया) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके पास से 20 बंडलों में कुल 21 किलो 667 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक बीरबल यादव सहित थाना जहानागंज की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
