






आजमगढ़। थाना कंधरापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 09 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे ग्राम बिजौरा निवासी सर्वशक्ति पांडेय उर्फ श्याम पांडेय के घर पर पुरानी रंजिश को लेकर अभय सिंह अपने एक साथी के साथ पहुंचा था। दोनों ने पहले घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जब पीड़ित बाहर निकला तो अभय सिंह ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली सिर के पास से गुजर गई, जिससे पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना कंधरापुर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी देवखरी अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से एक आरोपी फरार हो गया, जबकि अभय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा तमंचे की नाल में फंसा हुआ खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी यश पांडेय उर्फ आदित्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है।
