






आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र स्थित हरैया ब्लॉक में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी शशिकांत सोनकर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ पंचायत सहायक चंद्रेश यादव को भी हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि शशिकांत सोनकर अपने पिता स्वर्गीय सोविंद लाल सोनकर की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नियुक्त हुए थे। उनके पिता भी हरैया ब्लॉक में लंबे समय तक इसी पद पर तैनात रहे थे। वर्तमान में शशिकांत सोनकर बछऊरखुर्द, दान शनिचरा सहित कई ग्राम सभाओं का कार्यभार संभाल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शशिकांत सोनकर ने बनकटा चौक पर एक निजी कमरे में अपना कार्यालय बना रखा था। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एंटी करप्शन टीम ने छापेमारी कर उन्हें 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
मामला हरैया ब्लॉक के पूरा बाल नारायण गांव के पूर्व प्रधान अमित कुमार यादव से जुड़ा है, जिनका वर्ष 2021 का करीब 1 लाख 30 हजार रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस भुगतान को जारी करने के लिए ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत सहायक लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।
इसकी शिकायत पूर्व प्रधान ने एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर बनकटा चौक से दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एंटी करप्शन टीम दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
