युवक-युवती से अभद्रता के वायरल वीडियो मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घूमने का विरोध करते हुए की गई थी अभद्रता, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुरा में युवक-युवती के साथ अभद्रता करने के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सादाब (22) पुत्र जमशेद निवासी खैराबाद, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ, हाल निवासी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को इस्लामपुरा में एक युवक और युवती के साथ घूमने का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने कहासुनी और अभद्रता की थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर संबंधित लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने युवक-युवती से बातचीत कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। वीडियो के आधार पर पहचान कर मुख्य आरोपी सादाब को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *