प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 5 गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से धार्मिक पुस्तकें, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को थाना रौनापार में सूचना मिली कि ग्राम अराजी नौबरार करखिया किता प्रथम निवियहवा में रामकिशुन के घर पर आयोजित सत्संग में कुछ लोग ग्रामीणों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 67/26 धारा 5(1)/3 उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसके बाद 25 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पचपुलिया इस्माईलपुर के पास छापेमारी कर सभी नामजद आरोपियों को सुबह करीब 7:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामकिशुन (74 वर्ष), महेंद्र प्रजापति (45 वर्ष), बिंदू प्रजापति (38 वर्ष), अनिरुद्ध पटेल (42 वर्ष) और अक्षय कुमार (25 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 बाइबिल, 1 अन्य धार्मिक ग्रंथ, 1 नोटबुक और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक रमेश कुमार, उपनिरीक्षक रामविलास प्रसाद सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *