“टंकी पर चढ़ा युवक, आत्महत्या की धमकी से अटकीं सभी की सांसें”: तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा,आश्वासन से टला बड़ा हादसा

Uncategorized

आजमगढ़ । फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हथिनौरा में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मजदूर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पूरे गांव की सांसें थाम दीं। आखिरकार पुलिस, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन “हर घर जल” योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान सामग्री की सुरक्षा के लिए गांव निवासी कमलेश यादव 44 वर्ष पुत्र राम दवर यादव को रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार द्वारा रखरखाव के लिए किसी अन्य व्यक्ति को रखने की बात सामने आई, जिससे कमलेश को अपनी नौकरी जाने की आशंका सताने लगी।
शनिवार सुबह कमलेश पहले फूलपुर ब्लॉक और जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से मिला, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह सीधे गांव पहुंचा और पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां से उसने चेतावनी दी कि यदि उसे काम से हटाया गया तो वह कूदकर अपनी जान दे देगा।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव, थाना फूलपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाने का दौर शुरू हुआ। करीब सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक लगातार प्रयास के बाद, प्रधान प्रतिनिधि द्वारा आश्वासन दिए जाने पर कमलेश टंकी से नीचे उतर आया।
थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बताया कि ठेकेदार द्वारा हटाए जाने की आशंका से आक्रोशित होकर मजदूर ने यह कदम उठाया था। वहीं प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव ने कहा कि कमलेश यादव के शर्तों को लिखित रूप में मान लिया गया है। घटना के बाद गांव में राहत की सांस ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *