बधाई मांगने गए किन्नरों से मारपीट, पथराव, दो गंभीर रूप से घायल, वीडियो वायरल, पुरानी रंजिश को लेकर विवाद, विपक्षी किन्नर और उनके तथाकथित दबंग पुरुष साथियों पर आरोप, एसपी डीएम से की कार्रवाई की मांग

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के हटवा गांव में बधाई मांगने गए किन्नरों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पल्हना ब्लॉक और ग्रामसभा के रहने वाले रूबी किन्नर, मैना किन्नर, बहोगी किन्नर, पिंक्की किन्नर, मोना किन्नर, मोनिका किन्नर और निशा किन्नर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ितों के अनुसार 14 सितंबर की सुबह वे लोग अपने क्षेत्र के ग्राम हटवा, पोस्ट मेहनगर में बधाई मांगने के लिए गए थे। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे संगीता किन्नर के पति संतोष राजभर, सोनी किन्नर के पति आर्यन कुमार और उनके कुछ साथियों के साथ बाहरी लड़के मौजूद थे। आरोप है कि देखते ही देखते विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट कर दी।
पीड़ित किन्नरों का आरोप है कि नेहा किन्नर ने कुछ बाहरी युवकों के साथ मिलकर उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। घटना में कई किन्नरों को चोटें आई हैं। मैना किन्नर और बहोगी किन्नर के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण टांके लगाए जाने की बात भी प्रार्थना पत्र में कही गई है।
पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने मेहनगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि तत्काल कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है और करीब एक वर्ष पहले 20 फरवरी 2025 को भी संगीता किन्नर के ग्रुप के लोगों ने मऊ जनपद में उनके साथ मारपीट की थी।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में रूबी किन्नर और उनके साथियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि उनके या उनके किसी साथी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संगीता किन्नर, सोनी किन्नर और उनके साथियों को जिम्मेदार माना जाए। पीड़ितों ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *