






आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों पर लगातार सख्ती की जा रही है। इसी क्रम में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 70 शस्त्र लाइसेंस निरस्त/निलंबित किए जा चुके हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार के अनुमोदन के बाद की गई है। अभियान का उद्देश्य जनपद में लोकशांति बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
पुलिस के अनुसार जिन शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज पाए गए और जिनकी गतिविधियों से जनसुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था, उनके लाइसेंस निरस्त या निलंबित किए जा रहे हैं।
हाल ही में एक और शस्त्र लाइसेंस धारक के खिलाफ कार्रवाई की गई है: शशिकांत राय पुत्र जयप्रकाश राय, निवासी बरसवां, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ के शस्त्र: राइफल गन का (लाइसेंस निरस्त) किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिनके पास शस्त्र होने से आम जनता की सुरक्षा को खतरा है, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस अभियान से स्पष्ट है कि आजमगढ़ पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
