






आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के मनपारपुर, सुराई और बड़ागांव गांव की शिवान में रविवार दोपहर करीब एक बजे अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवा के चलते तेजी से खेतों में फैलने लगी।
खेतों से उठती लपटों और धुएं को देखकर आसपास के किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोग बाल्टी, पानी और हरी डालियों की मदद से आग पर काबू पाने में जुट गए। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सामूहिक प्रयास से आग बुझाने में लग गए।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग को फैलने से रोक लिया, लेकिन तब तक कई किसानों की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो और अधिक खेत इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। वहीं प्रभावित किसान अपनी जली फसल को देखकर काफी चिंतित नजर आए और प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने के साथ उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
